✨ कभी लेख, कभी विचार, कभी प्रकृति का श्रृंगार - यही है सृजन का संसार ✨

16 November, 2026

एआई के भविष्य का छिपा खतरा


ai-ke-bhavishya-ka-chhipa-khatra

“ हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं के दुनियाभर में ठप होने की घटना ने एक बार फिर दुनिया की डिजिटल निर्भरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस व्यवधान का कारण तकनीकी खराबी थी, न कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), लेकिन इसने यह जरूर दिखा दिया कि कुछ बड़ी तकनीकी कंपनियों की सेवाएं प्रभावित होने से दुनियाभर में जनजीवन, सरकारी कामकाज और कारोबार पर कितना व्यापक असर पड़ सकता है।

ऐसे में एआई के ‘गॉडफादर’ जेफ्री हिंटन की चेतावनी पर और भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत महसूस होती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन ने कहा है कि संभव है कि इंसानों के लिए इस तकनीक का कभी आविष्कार ही न करना बेहतर होता।

उनका कहना है कि वे एआई को लेकर पूरी तरह निराशावादी नहीं हैं। यह तकनीक कृत्रिम न्यूरल नेटवर्क पर उनके अभूतपूर्व शोध की देन है। न्यूरल नेटवर्क कंप्यूटर आधारित ऐसी तकनीक है, जो मानव मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की कार्यप्रणाली से प्रेरित होकर सूचनाओं का विश्लेषण करती है और आंकड़ों से सीखने की क्षमता विकसित करती है। उनका मानना है कि एआई भविष्य में एक शानदार दुनिया बनाने की क्षमता रखता है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा, ‘हो सकता है कि हमने इस तकनीक का विकास न करके बेहतर किया होता।’

‘द गार्जियन’ में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, नोबेल पुरस्कार विजेता ने चेतावनी दी कि यह तकनीक इस साल या अगले साल बिजली अथवा बैंकिंग व्यवस्था ठप होने जैसी किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।

अब यहां यह समझना होगा कि वे भविष्य में क्या देख रहे हैं। उनके मन-मस्तिष्क में ऐसे कौन से विचार आए होंगे, जिनके चलते उन्होंने यह कहा कि इस तकनीक का विकास न करना ही बेहतर होता?

दरअसल, माइक्रोसॉफ्ट का 12 नवंबर, 2026 को हुआ वैश्विक आउटेज, हिंटन की चेतावनी को समझने का एक अच्छा उदाहरण है। इससे पता चलता है कि आधुनिक दुनिया कितनी अधिक डिजिटल प्रणालियों पर निर्भर हो गई है।

सोचिए, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं कुछ समय के लिए दुनियाभर में ठप होने से कितने कारोबारों और संस्थानों का काम प्रभावित हुआ। इसका असर रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ा। हालांकि, यह तकनीकी खराबी थी, एआई का कोई कारनामा नहीं। लेकिन सोचिए, अगर भविष्य में एआई पर निर्भर महत्वपूर्ण प्रणालियां ही काम करना बंद कर दें या एआई का इस्तेमाल किसी बड़े साइबर हमले के लिए होने लगे, तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है। इसकी कल्पना करना अभी मुश्किल है। फिर भी हमें निराशावादी होने के बजाय आशावादी रहते हुए इसके लिए सकारात्मक कदम उठाने की जरूरत है।

हिंटन ने इस गर्मी में हुई उन घटनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें ओपनएआई के एआई एजेंटों ने कथित तौर पर ‘हगिंग फेस’ के सिस्टम में अनधिकृत प्रवेश किया था। यह केवल काल्पनिक कहानी या एआई को लेकर जताई गई आशंका नहीं थी। जुलाई 2026 में ओपनएआई के परीक्षणाधीन एआई मॉडल ने निर्धारित सुरक्षा नियंत्रणों को पार कर हगिंग फेस के कंप्यूटर सिस्टम के कुछ हिस्सों तक अनधिकृत पहुंच बना ली थी।

इस घटना की पुष्टि ओपनएआई की अपनी तकनीकी रिपोर्ट और हगिंग फेस की ओर से जारी जानकारी से भी हुई। दरअसल, ओपनएआई अपने एआई मॉडल की साइबर सुरक्षा संबंधी क्षमताओं का परीक्षण कर रहा था। इस दौरान कुछ एआई मॉडल एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने परीक्षण के लिए बनाई गई सुरक्षा व्यवस्था को पार किया, इंटरनेट तक पहुंच बनाई और तीसरे पक्ष के सिस्टम में भी अनधिकृत गतिविधियां कीं। यह सब निर्धारित परीक्षण के उद्देश्य को पूरा करने की कोशिश के दौरान हुआ, न कि किसी इंसान के सीधे निर्देश पर।

हिंटन का कहना है कि अगले एक दशक के भीतर, और संभव है कि इससे पहले ही, मानवता को पता चल जाएगा कि वह इस तकनीक के जोखिमों को नियंत्रित कर पाती है या नहीं।

उनका मानना है कि एआई एक ओर ऐसी दुनिया बना सकता है, जहां संसाधनों की प्रचुरता हो और लोगों का जीवन बेहतर बने। लेकिन दूसरी ओर उन्होंने यह आशंका भी जताई कि यदि हम इसके खतरों को नियंत्रित करने में विफल रहे, तो अमीर और गरीब के बीच भारी खाई पैदा हो सकती है। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी बढ़ सकती है, सांस्कृतिक समस्याएं पैदा हो सकती हैं और पूरा समाज बिखर सकता है।

हिंटन की चिंता का एक बड़ा आधार यही है कि भविष्य में एआई सिस्टम इतने सक्षम और स्वायत्त हो सकते हैं कि वे अपने निर्धारित उद्देश्यों को पूरा करने के लिए अप्रत्याशित कदम उठाएं और मनुष्यों के नियंत्रण से बाहर व्यवहार करने लगें।

वैसे हर तकनीक के अपने लाभ और हानियां होती हैं। लेकिन एआई जैसी तेजी से विकसित हो रही तकनीक के संदर्भ में अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। इसके लाभों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन इसके संभावित खतरों से भी आंखें नहीं मूंदी जा सकतीं।

अगर जेफ्री हिंटन जैसे वैज्ञानिक, जिन्होंने इस तकनीक के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसके भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं, तो उनकी बातों के निहितार्थ समझने की जरूरत है।

आखिर सवाल तकनीक के विकास का ही नहीं, बल्कि इस बात का भी है कि भविष्य में इस तकनीक पर नियंत्रण किसका होगा और इसका इस्तेमाल मानवता के हित में होगा या उसके लिए चुनौती बन जाएगा। 
© सृजन | लेखक: Brij Mohan Tiwari  

13 November, 2026

आस्था और लोकसंस्कृति से जुड़ी अनूठी परंपरा : पत्थर मार मेला

लोकपरंपराओं की अनूठी छटा : दैनिक ट्रिब्यून समाचार पत्र के सैर-संस्कृति पृष्ठ पर 13 नवंबर, 2026 को प्रकाशित मेरा लेख।

09 November, 2026

परिंदे लौट गए, आँगन में इंतजार रह गया


parinde-laut-gaye-aangan-mein-intezaar-reh-gaya

त्योहार (दीपावली) पूरा हो गया और फिर से लौट जाएँगे परिंदे वापस उन्हीं शहरों की तरफ, जहाँ से मोहलत लेकर वे चले आए थे घर के आँगन की ओर। फिर मन में एक टीस रह जाएगी... काश! थोड़ा-सा वक्त और मिल जाता, तो वे घर को ज़रा और महसूस कर पाते। क्योंकि घरों में उनका आना अब घर के बच्चों की तरह नहीं, मेहमानों की तरह होता है।

वह प्यार भरा घर, जो अपने बच्चों की राह देखता रहता है, अब तो कोई त्योहार पास आए तो इसी आस में मुस्कुराता है। माँ-बाप बूढ़ी नज़रों से उनके इंतज़ार में जीते चले जाते हैं। एक उम्मीद के साथ... एक त्योहार ही तो है जो उन्हें मिलाता है।

कितना अजीब समय आ गया है। कभी जिन आँगनों में बच्चों की किलकारियाँ गूँजती थीं, जहाँ शाम होते ही घर लौटने की आवाज़ें सुनाई देती थीं, आज उन्हीं आँगनों में सन्नाटा पसरा रहता है। घर के दरवाजे तो आज भी वही हैं, दीवारें भी वही हैं, लेकिन उन दीवारों से टकराकर लौट आने वाली आवाज़ें कहीं खो गई हैं।

अब घर में बच्चों के कमरे बंद रहते हैं। माँ कभी-कभी उन कमरों की सफाई करते हुए अनायास ही ठहर जाती है। तकिए को ठीक करती है, अलमारी में रखे पुराने कपड़ों को देखती है और न जाने कितनी यादों में खो जाती है। उसे लगता है जैसे अभी दरवाजा खुलेगा और कोई आवाज़ देगा—माँ, चाय बना दो।

पिता भी कहाँ कुछ कह पाते हैं। वे अपनी भावनाओं को अक्सर अखबार के पन्नों और घर के छोटे-मोटे कामों में छिपा लेते हैं। फोन पर बच्चों से बात करते हुए पूछ लेते हैं कि सब ठीक है न? समय पर खाना खा लेते हो? अपना ध्यान रखते हो? लेकिन मन में एक सवाल और होता है, जिसे शायद ही कभी जुबान पर ला पाते हैं—बेटा, अगली बार कब आओगे?

बच्चे भी मजबूर हैं। किसी की नौकरी है, किसी का कारोबार, किसी के बच्चों की पढ़ाई है, तो किसी के सिर पर जिम्मेदारियों का पहाड़। वे भी चाहते हैं कि कुछ दिन और रुक जाएँ। माँ के हाथ का खाना खाएँ, पिता के साथ बैठकर पुरानी बातें करें, बिना घड़ी देखे घर में समय बिताएँ। मगर लौटने की तारीख पहले से तय होती है और जिंदगी की भागदौड़ उन्हें फिर अपनी ओर खींच लेती है।

विदा होने का वह पल कितना कठिन होता है। माँ दरवाजे तक छोड़ने आती है। बार-बार कुछ खाने का सामान पकड़ा देती है। कहती है रास्ते में खा लेना। पिता बाहर खड़े होकर सामान गाड़ी में रखते हैं और हिदायत देते हैं कि पहुँचकर फोन कर देना।
गाड़ी चल पड़ती है। माँ तब तक खड़ी रहती है, जब तक गाड़ी आँखों से ओझल नहीं हो जाती। पिता भी कुछ देर वहीं खामोश खड़े रहते हैं। फिर धीरे से घर के भीतर चले जाते हैं।

और घर एक बार फिर अपने पुराने सन्नाटे में लौट आता है।

बच्चे शहर पहुँचकर अपनी जिंदगी में व्यस्त हो जाते हैं। फोन पर बातें होती हैं, वीडियो कॉल भी हो जाती है, तस्वीरें भी भेजी जाती हैं। माँ-बाप मुस्कुरा भी लेते हैं, लेकिन क्या फोन की स्क्रीन पर दिखता चेहरा उस अपनत्व की जगह ले सकता है, जो सिर पर हाथ रखने से मिलता है? क्या कुछ मिनटों की बातचीत उस साथ की भरपाई कर सकती है, जिसके लिए बूढ़ी आँखें कई-कई महीने इंतजार करती हैं? शायद नहीं।

समय के साथ माँ-बाप की उम्र बढ़ती जाती है। पहले जो माँ पूरे घर में दौड़ती रहती थी, अब उसे थोड़ी देर चलने में भी थकान होने लगी है। पिता, जिनके कंधों पर कभी पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी, अब छोटी-छोटी बातों के लिए बच्चों का सहारा तलाशते हैं। उनकी जरूरतें बहुत बड़ी नहीं होतीं। कभी साथ बैठकर चाय पी लेना, कभी पुराने दिनों की चर्चा कर लेना और कभी बिना किसी काम के उनके पास कुछ देर बैठ जाना।

उन्हें महँगे उपहारों की जरूरत नहीं होती। उन्हें बस अपने बच्चों का थोड़ा-सा वक्त चाहिए।
हम अक्सर सोचते हैं कि अगली बार आएँगे तो ज्यादा दिन रुकेंगे। इस बार काम बहुत था, अगली बार माँ के साथ बैठेंगे, पिता को कहीं घुमाने ले जाएँगे। लेकिन यह अगली बार कब आएगा, इसकी कोई गारंटी नहीं होती।

जिंदगी की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि जिनके लिए हम जिंदगी भर कुछ बनने और कुछ करने की कोशिश करते हैं, कई बार उन्हीं के पास बैठने का समय नहीं निकाल पाते।

त्योहार हर साल आएँगे। दीप जलेंगे, घर सजेंगे, मिठाइयाँ बनेंगी और फिर वही परिंदे अपने-अपने शहरों की तरफ उड़ जाएँगे। मगर एक बात याद रखनी चाहिए कि हर बार घर की देहरी पर इंतजार करने वाली आँखें पहले जैसी नहीं रहेंगी।

इसलिए जब भी घर जाने का अवसर मिले, कुछ वक्त घड़ी से चुराकर अपने माँ-बाप को दे दीजिए। उनके पास बैठिए, उनकी बातें सुनिए, उनके साथ हँसिए और कभी-कभी उनके बचपन के दिनों की तरह फिर से बच्चे बन जाइए।

घर केवल चार दीवारों का नाम नहीं होता। घर वह जगह है जहाँ कोई आपकी राह देखता है, जहाँ आपके आने से किसी के चेहरे पर रौनक लौट आती है और जहाँ आपके जाने के बाद देर तक आपकी आहट महसूस की जाती है।

परिंदे तो हर बार लौट जाएँगे अपने-अपने शहरों की ओर, लेकिन पीछे छूट जाएँगे कुछ बूढ़ी आँखों के सपने, कुछ अधूरी बातें और एक उम्मीद... कि अगला त्योहार आएगा तो बच्चे कुछ दिन और रुकेंगे।

काश! हम समझ पाते कि माँ-बाप को त्योहारों की नहीं, अपने बच्चों की जरूरत होती है।

एक दिन ऐसा भी आएगा, जब घर का दरवाजा खुला होगा, आँगन भी होगा, दीपावली भी होगी... मगर इंतजार करने वाली वे आँखें... 

© सृजन | लेखक: Brij Mohan Tiwari