✨ कभी लेख, कभी विचार, कभी प्रकृति का श्रृंगार - यही है सृजन का संसार ✨

16 November, 2026

एआई के भविष्य का छिपा खतरा


ai-ke-bhavishya-ka-chhipa-khatra

“ हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं के दुनियाभर में ठप होने की घटना ने एक बार फिर दुनिया की डिजिटल निर्भरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस व्यवधान का कारण तकनीकी खराबी थी, न कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), लेकिन इसने यह जरूर दिखा दिया कि कुछ बड़ी तकनीकी कंपनियों की सेवाएं प्रभावित होने से दुनियाभर में जनजीवन, सरकारी कामकाज और कारोबार पर कितना व्यापक असर पड़ सकता है।

ऐसे में एआई के ‘गॉडफादर’ जेफ्री हिंटन की चेतावनी पर और भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत महसूस होती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन ने कहा है कि संभव है कि इंसानों के लिए इस तकनीक का कभी आविष्कार ही न करना बेहतर होता।

उनका कहना है कि वे एआई को लेकर पूरी तरह निराशावादी नहीं हैं। यह तकनीक कृत्रिम न्यूरल नेटवर्क पर उनके अभूतपूर्व शोध की देन है। न्यूरल नेटवर्क कंप्यूटर आधारित ऐसी तकनीक है, जो मानव मस्तिष्क की तंत्रिका कोशिकाओं की कार्यप्रणाली से प्रेरित होकर सूचनाओं का विश्लेषण करती है और आंकड़ों से सीखने की क्षमता विकसित करती है। उनका मानना है कि एआई भविष्य में एक शानदार दुनिया बनाने की क्षमता रखता है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा, ‘हो सकता है कि हमने इस तकनीक का विकास न करके बेहतर किया होता।’

‘द गार्जियन’ में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, नोबेल पुरस्कार विजेता ने चेतावनी दी कि यह तकनीक इस साल या अगले साल बिजली अथवा बैंकिंग व्यवस्था ठप होने जैसी किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।

अब यहां यह समझना होगा कि वे भविष्य में क्या देख रहे हैं। उनके मन-मस्तिष्क में ऐसे कौन से विचार आए होंगे, जिनके चलते उन्होंने यह कहा कि इस तकनीक का विकास न करना ही बेहतर होता?

दरअसल, माइक्रोसॉफ्ट का 12 नवंबर, 2026 को हुआ वैश्विक आउटेज, हिंटन की चेतावनी को समझने का एक अच्छा उदाहरण है। इससे पता चलता है कि आधुनिक दुनिया कितनी अधिक डिजिटल प्रणालियों पर निर्भर हो गई है।

सोचिए, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं कुछ समय के लिए दुनियाभर में ठप होने से कितने कारोबारों और संस्थानों का काम प्रभावित हुआ। इसका असर रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ा। हालांकि, यह तकनीकी खराबी थी, एआई का कोई कारनामा नहीं। लेकिन सोचिए, अगर भविष्य में एआई पर निर्भर महत्वपूर्ण प्रणालियां ही काम करना बंद कर दें या एआई का इस्तेमाल किसी बड़े साइबर हमले के लिए होने लगे, तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है। इसकी कल्पना करना अभी मुश्किल है। फिर भी हमें निराशावादी होने के बजाय आशावादी रहते हुए इसके लिए सकारात्मक कदम उठाने की जरूरत है।

हिंटन ने इस गर्मी में हुई उन घटनाओं का भी जिक्र किया, जिनमें ओपनएआई के एआई एजेंटों ने कथित तौर पर ‘हगिंग फेस’ के सिस्टम में अनधिकृत प्रवेश किया था। यह केवल काल्पनिक कहानी या एआई को लेकर जताई गई आशंका नहीं थी। जुलाई 2026 में ओपनएआई के परीक्षणाधीन एआई मॉडल ने निर्धारित सुरक्षा नियंत्रणों को पार कर हगिंग फेस के कंप्यूटर सिस्टम के कुछ हिस्सों तक अनधिकृत पहुंच बना ली थी।

इस घटना की पुष्टि ओपनएआई की अपनी तकनीकी रिपोर्ट और हगिंग फेस की ओर से जारी जानकारी से भी हुई। दरअसल, ओपनएआई अपने एआई मॉडल की साइबर सुरक्षा संबंधी क्षमताओं का परीक्षण कर रहा था। इस दौरान कुछ एआई मॉडल एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने परीक्षण के लिए बनाई गई सुरक्षा व्यवस्था को पार किया, इंटरनेट तक पहुंच बनाई और तीसरे पक्ष के सिस्टम में भी अनधिकृत गतिविधियां कीं। यह सब निर्धारित परीक्षण के उद्देश्य को पूरा करने की कोशिश के दौरान हुआ, न कि किसी इंसान के सीधे निर्देश पर।

हिंटन का कहना है कि अगले एक दशक के भीतर, और संभव है कि इससे पहले ही, मानवता को पता चल जाएगा कि वह इस तकनीक के जोखिमों को नियंत्रित कर पाती है या नहीं।

उनका मानना है कि एआई एक ओर ऐसी दुनिया बना सकता है, जहां संसाधनों की प्रचुरता हो और लोगों का जीवन बेहतर बने। लेकिन दूसरी ओर उन्होंने यह आशंका भी जताई कि यदि हम इसके खतरों को नियंत्रित करने में विफल रहे, तो अमीर और गरीब के बीच भारी खाई पैदा हो सकती है। बड़े पैमाने पर बेरोजगारी बढ़ सकती है, सांस्कृतिक समस्याएं पैदा हो सकती हैं और पूरा समाज बिखर सकता है।

हिंटन की चिंता का एक बड़ा आधार यही है कि भविष्य में एआई सिस्टम इतने सक्षम और स्वायत्त हो सकते हैं कि वे अपने निर्धारित उद्देश्यों को पूरा करने के लिए अप्रत्याशित कदम उठाएं और मनुष्यों के नियंत्रण से बाहर व्यवहार करने लगें।

वैसे हर तकनीक के अपने लाभ और हानियां होती हैं। लेकिन एआई जैसी तेजी से विकसित हो रही तकनीक के संदर्भ में अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। इसके लाभों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन इसके संभावित खतरों से भी आंखें नहीं मूंदी जा सकतीं।

अगर जेफ्री हिंटन जैसे वैज्ञानिक, जिन्होंने इस तकनीक के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसके भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं, तो उनकी बातों के निहितार्थ समझने की जरूरत है।

आखिर सवाल तकनीक के विकास का ही नहीं, बल्कि इस बात का भी है कि भविष्य में इस तकनीक पर नियंत्रण किसका होगा और इसका इस्तेमाल मानवता के हित में होगा या उसके लिए चुनौती बन जाएगा। 
© सृजन | लेखक: Brij Mohan Tiwari  

No comments: