“ कोरोना महामारी की शुरुआत 2019 के अंत में हुई थी और तभी से ‘कोविड-19’ नाम हमारी जिंदगी का हिस्सा बन गया। लॉकडाउन, कर्फ्यू, अनलॉक, मास्क, सैनेटाइज़र, वेंटिलेटर जैसे शब्द अब सामान्य बोलचाल का हिस्सा बन चुके हैं। यह महामारी न सिर्फ एक स्वास्थ्य संकट थी, बल्कि इसने सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से भी पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया।
उस भयावह दौर में लाखों लोगों की नौकरियां चली गईं, छोटे कारोबार बंद हो गए और रोज कमाने-खाने वाले लोगों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया। धार्मिक स्थल, स्कूल और दफ्तर सब कुछ बंद पड़ गए। जिन लोगों की नौकरियां बची भी रहीं, उन्हें कई जगह आधी या सीमित तनख्वाह में काम करना पड़ा। हर किसी के मन में यही सवाल था—क्या कभी सब कुछ पहले जैसा हो पाएगा?
समय कभी नहीं रुकता। धीरे-धीरे हालात सुधरे, वैक्सीनेशन शुरू हुआ, जागरूकता बढ़ी और इंसान ने फिर से सामान्य जिंदगी की ओर लौटना सीखा। आज हम उस दौर से काफी आगे निकल चुके हैं, लेकिन उन दिनों की यादें आज भी ताजा हैं।
महामारी के उस दौर में जीवन जीने का तरीका ही बदल गया था। शादियां सीमित लोगों के बीच होने लगीं। नामकरण, मुंडन जैसे संस्कार भी घरों में सादगी से संपन्न होने लगे। कोई रिटायर हो रहा हो या किसी अपने की मृत्यु—हर तरह के समारोह सीमित और साधारण हो गए। इंसान के भीतर भावनाएं तो पहले जैसी ही थीं, लेकिन उनके इज़हार के साधन और अवसर सिमट गए थे।
इन चुनौतियों के बीच कुछ सकारात्मक बातें भी सामने आईं। फिजूलखर्ची में कमी आई, लोग अपनों के साथ अधिक समय बिताने लगे, बचत की आदत बढ़ी और सबसे बड़ी बात—‘सरलता’ की ओर लौटने की शुरुआत हुई। कोरोना ने हमें यह भी सिखाया कि जीवन में सादगी अपनाकर भी खुश रहा जा सकता है।
हमें उस समय के अनुभवों को भूलना नहीं चाहिए। उन्होंने हमें लचीलापन, सहनशीलता और जीवन के असली मूल्यों का अहसास कराया। चिंता की बात यह है कि कोरोना का संक्रमण समय-समय पर फिर से सामने आता रहा है। कुछ स्थानों पर संक्रमण के मामले बढ़ने की खबरें भी सामने आती हैं और ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि हम किसी भी संभावित खतरे को हल्के में न लें। यह हमें याद दिलाता है कि स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहना आज भी उतना ही जरूरी है। कहीं ऐसा न हो कि लापरवाही हमें फिर उसी भयावह दौर की ओर धकेल दे। इसलिए समय रहते सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
कोरोना ने हमें सिखाया है कि जीवन अनमोल है और जरा-सी लापरवाही बहुत भारी पड़ सकती है। अब वक्त है कि हम उस दौर से मिली सीख को याद रखें और सतर्कता के साथ आगे बढ़ें—ताकि भविष्य में कोई भी महामारी या स्वास्थ्य संकट हमें दोबारा उसी तरह न झकझोर पाए।

No comments:
Post a Comment