✨ कभी लेख, कभी विचार, कभी प्रकृति का श्रृंगार - यही है सृजन का संसार ✨

24 November, 2026

कागज पर डिग्री, ज़मीन पर हुनर



 

इक्कीस नवंबर, 2026 को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के आईटीआई के विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित किया। उनके संबोधन में कही गई कुछ बातें मन को छू गईं। खासकर आईआईटी और आईटीआई के विद्यार्थियों के सम्मान को लेकर उन्होंने जो विचार रखे, वे उन सभी लोगों के लिए महत्वपूर्ण हैं जिन्होंने आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त किया है और अपने हुनर के बल पर जीवन में आगे बढ़ने का प्रयास किया है।

प्र धानमंत्री ने आईआईटी और आईटीआई दोनों को देश की ताकत और भविष्य बताते हुए कौशल के सम्मान पर जोर दिया। एक आईटीआई पास व्यक्ति होने के नाते उनकी इस बात से अपने अनुभव के आधार पर जुड़ाव महसूस करता हूं।

आईटीआई का अनुभव

मैंने वर्ष 1987-88 में आईटीआई से हिंदी आशुलिपि (हिंदी स्टेनोग्राफी) का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। इस ट्रेड की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद डिप्लोमा भी हासिल किया। हालांकि रुचि केवल अपने ट्रेड तक सीमित नहीं थी। दूसरे ट्रेडों के बारे में जानने, उनके काम को समझने और उनके व्यावहारिक पहलुओं को देखने का भी शौक था। इस दौरान दूसरे ट्रेडों से जुड़े कुछ काम भी केवल अपनी रुचि और सीखने की इच्छा से किए।

उस दौर में मैंने महसूस किया कि अलग-अलग ट्रेडों के बीच आज जैसा भेदभाव देखने को नहीं मिलता था। हर व्यक्ति अपने ट्रेड को महत्व देता था। कोई इलेक्ट्रिशियन था, कोई फिटर, कोई टर्नर, कोई वेल्डर और कोई मशीनिस्ट। सभी के काम अलग थे, लेकिन एक-दूसरे के हुनर के प्रति सम्मान था। किसी को यह महसूस कराने की कोशिश नहीं होती थी कि उसका काम दूसरे से छोटा है।

आईआईटी और आईटीआई की तुलना क्यों?

आज जब आईआईटी और आईटीआई की बात करते हैं तो कई बार दोनों के बीच एक अनावश्यक तुलना दिखाई देती है। यह तुलना गलत दिशा में चली जाती है, जब हम एक को अधिक प्रतिष्ठित और दूसरे को कम महत्व का समझने लगते हैं।

मैं आईआईटी के महत्व को कम नहीं आंकता। वहां पढ़ने वाले विद्यार्थी तकनीकी ज्ञान, अनुसंधान, डिजाइन और नई खोजों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लेकिन आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं का योगदान भी कम नहीं है। वे मशीनों के निर्माण, संचालन, मरम्मत, फिटिंग और रखरखाव जैसे कामों में अपनी कुशलता का परिचय देते हैं।

हमें यह समझना होगा कि किसी मशीन का निर्माण केवल एक व्यक्ति के दिमाग या एक डिग्री से नहीं होता। उसके पीछे डिजाइन तैयार करने वाले इंजीनियर से लेकर पुर्जे बनाने वाले कारीगर, वेल्डिंग करने वाले कामगार, फिटिंग करने वाले तकनीशियन और मशीन का परीक्षण करने वाले विशेषज्ञ तक अनेक लोगों का योगदान होता है।

छोटा काम नहीं, बड़ी जिम्मेदारी

एक उदाहरण देना चाहूंगा। मान लीजिए किसी बड़ी मशीन का निर्माण हो रहा है। उस मशीन की डिजाइन किसी उच्च शिक्षित इंजीनियर ने तैयार की है। लेकिन उस मशीन का एक छोटा-सा पुर्जा बनाने की जिम्मेदारी किसी आईटीआई प्रशिक्षित कारीगर को दी गई है। यदि वह पुर्जा निर्धारित माप के अनुसार नहीं बना या उसमें थोड़ी-सी तकनीकी गलती रह गई तो पूरी मशीन के काम पर असर पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में क्या हम उस कारीगर के काम को छोटा कह सकते हैं? बिल्कुल नहीं।

वास्तविकता यह है कि मशीन की डिजाइन बनाने वाले का ज्ञान और उसे सही आकार देने वाले कारीगर का हुनर, दोनों जरूरी हैं। एक के बिना दूसरे का काम अधूरा रह सकता है। इसलिए किसी की योग्यता का आकलन केवल उसकी डिग्री, पद या पहनावे से नहीं होना चाहिए। उसके वास्तविक काम और योगदान को भी समझना चाहिए।

आईटीआई के विद्यार्थियों का दर्द समझा

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में एक ऐसी सामाजिक मानसिकता की ओर ध्यान दिलाया, जिसे आईटीआई से जुड़े लोग लंबे समय से महसूस करते आए हैं। कई बार माता-पिता अपने परिचितों को यह बताने में संकोच करते हैं कि उनका बच्चा आईटीआई में पढ़ रहा है। इसके पीछे कहीं न कहीं यह सोच काम करती है कि विश्वविद्यालय की डिग्री अधिक प्रतिष्ठित है और हाथों से काम करने वाला व्यक्ति कम महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने इस सोच को बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आईटीआई के विद्यार्थियों को भी सम्मान देने की बात कही।

उनका कौशल और रोजगार से जुड़ा संदेश भी विशेष रूप से उल्लेखनीय है। एक आईटीआई पास व्यक्ति के रूप में लगता है कि यह बात केवल रोजगार तक सीमित नहीं है। यह आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और अपने काम पर गर्व करने की भावना से भी जुड़ी हुई है।

डिग्री के साथ पैकेज का सम्मान, तो हुनर के साथ क्यों नहीं?

आज के दौर में आईआईटी से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बड़ी-बड़ी कंपनियों में लाखों और करोड़ों रुपये तक के पैकेज मिलने की खबरें सुर्खियां बनती हैं। यह अच्छी बात है। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार अच्छा वेतन और अवसर मिलना ही चाहिए।

लेकिन सवाल यह है कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के योगदान और मेहनत का मूल्यांकन किस आधार पर किया जाता है? कई जगह स्थिति यह दिखाई देती है कि आईआईटी की डिग्री को बड़ी प्रतिष्ठा और आकर्षक पैकेज से जोड़ा जाता है, जबकि आईटीआई पास युवक को अपेक्षित सम्मान और वेतन तक नहीं मिल पाता। कई बार उसे उसकी वास्तविक योग्यता के बजाय उसकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि के आधार पर कमतर समझा जाता है।

कम होनी चाहिए असमानता 

अब जरा किसी फैक्टरी की कार्यप्रणाली पर विचार कीजिए। वहां मशीनों का संचालन, रखरखाव, उत्पादन, फिटिंग, तकनीकी मरम्मत और गुणवत्ता नियंत्रण जैसे अनेक काम आईटीआई प्रशिक्षित कर्मचारी करते हैं। यदि ये कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां पूरी दक्षता और समर्पण से न निभाएं, तो उत्पादन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इंजीनियरों की योजनाएं और तकनीकी ज्ञान भी तभी परिणाम देते हैं जब उन्हें जमीन पर लागू करने वाली कुशल टीम उपलब्ध हो।

मान लीजिए किसी फैक्टरी के आईटीआई प्रशिक्षित कर्मचारी संगठित होकर अपनी समस्याएं सामने रखें, या किसी कारण से उत्पादन की गति धीमी हो जाए। तब पूरी व्यवस्था पर उसका असर दिखाई देगा। इससे समझा जा सकता है कि उद्योग की सफलता में इन कर्मचारियों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

मेरा सवाल है कि जब उद्योगों की उत्पादन व्यवस्था में आईटीआई पास युवाओं की इतनी महत्वपूर्ण भूमिका है, तो उनके वेतन, पदोन्नति, सुविधाओं और सामाजिक प्रतिष्ठा में भी उनकी योग्यता के अनुरूप सुधार क्यों नहीं होना चाहिए?

मैं यह नहीं कहता कि आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलने वाले पैकेज कम किए जाएं। आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को भी उनके वास्तविक कौशल, अनुभव, जिम्मेदारी और काम के महत्व के अनुसार उचित वेतन और सम्मान मिलना चाहिए।

समानता का अर्थ यह नहीं कि सभी को एक जैसा वेतन मिले। समानता का वास्तविक अर्थ है कि किसी के काम और योगदान का मूल्यांकन केवल उसकी डिग्री देखकर नहीं, बल्कि उसकी योग्यता और जिम्मेदारी देखकर किया जाए। देश में कौशल का सम्मान तभी वास्तविक माना जाएगा जब आईटीआई पास युवक को भी अपने हुनर के बल पर सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा।

हुनर का सम्मान व्यवहार में भी दिखे

प्रधानमंत्री ने आईटीआई के विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए जो बात कही, उसे केवल समारोह के मंच तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका असर समाज, उद्योगों, सरकारी संस्थानों और रोजगार देने वाली कंपनियों के व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए।

आईटीआई पास युवाओं को रोजगार के उचित अवसर मिलने चाहिए। उन्हें उनके प्रशिक्षण और अनुभव के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उद्योगों में काम करने वाले तकनीशियनों को भी सम्मानजनक वेतन, सुरक्षित कार्यस्थल और आगे सीखने की सुविधाएं मिलनी चाहिए।

इसके साथ ही आईटीआई के प्रशिक्षण को समय के अनुसार आधुनिक बनाना भी आवश्यक है। आज मशीनों की तकनीक बदल रही है। ऑटोमेशन, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन और नई विनिर्माण तकनीकें उद्योगों का स्वरूप बदल रही हैं। इसलिए प्रशिक्षण संस्थानों में आधुनिक उपकरण, योग्य प्रशिक्षक और उद्योगों से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध होना चाहिए।

अपनी जगह सबका महत्व

स्पष्ट करना चाहता हूं कि मेरा उद्देश्य आईआईटी और आईटीआई के बीच किसी तरह का विवाद खड़ा करना नहीं है। दोनों के महत्व को स्वीकार करता हूं। कहना केवल इतना है कि किसी की शिक्षा या काम को दूसरे से छोटा समझने की मानसिकता समाप्त होनी चाहिए।

एक इंजीनियर योजना बना सकता है, लेकिन उस योजना को वास्तविकता में बदलने के लिए कुशल तकनीकी हाथों की जरूरत होती है। इसी तरह एक कारीगर अपने अनुभव से मशीन की छोटी-छोटी कमियों को पहचान सकता है, लेकिन नई तकनीक और बेहतर डिजाइन के लिए इंजीनियरिंग ज्ञान भी जरूरी है।

नयी पीढ़ी के लिए संदेश

आज के आईटीआई विद्यार्थियों से कहना चाहूंगा कि अपने ट्रेड को  किसी स्तर पर कम न आंकें। उसे पहचान का हिस्सा बनाइए। अपने विषय की गहराई से जानकारी प्राप्त कीजिए, लेकिन दूसरे ट्रेडों और नई तकनीकों को जानने की जिज्ञासा भी बनाए रखिए।

मैंने स्वयं हिंदी स्टेनोग्राफी का प्रशिक्षण लिया, लेकिन दूसरे ट्रेडों के काम को समझने में भी रुचि रखी। इससे विश्वास और मजबूत हुआ कि सीखने की कोई सीमा नहीं होती। किसी व्यक्ति के पास जितना अधिक व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव होगा, वह उतना ही बेहतर तरीके से अपने काम को समझ सकेगा। 
© सृजन | लेखक: Brij Mohan Tiwari   


No comments: